श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन के मार्गदर्शन एवं विश्वकर्मा समाज की सक्रिय भागीदारी से महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हंडिया तहसील के सोनतलाई पंचायत अंतर्गत ग्राम नवरंगपुरा में युवा बजरंग मंडल द्वारा भव्य प्रसादी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जंगल में स्थित प्राचीन गुफा में भगवान शिव के भक्तों का तांता लगा रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंतर्गत रात्रि में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, वहीं प्रातःकाल से विशाल प्रसादी वितरण का क्रम प्रारंभ हुआ, जो देर दोपहर तक चलता रहा। आसपास के कई गांवों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस आयोजन में विशेष भूमिका निभाई संगठन के युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष हरदा उमेश विश्वकर्मा ने। उनके नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
श्री उमेश विश्वकर्मा ने बताया कि विगत चार वर्षों से समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन निरंतर किया जा रहा है और आने वाले समय में इसे और भी भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी सहयोगकर्ताओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम भक्तिमय एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

