मकड़ाई समाचार हरदा। पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में शनिवार को कांग्रेस ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में चौपाल लगाकर विरोध प्रदर्शन किया है। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी जगह-जगह जन चौपाल लगाकर जनता को केंद्र की भाजपा सरकार के बारे में अवगत करा रही है।
जन चौपाल में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ओम पटेल ने कहा कि इस समय देश की हालत अत्यंत खराब है। जिस देश को कांग्रेस पार्टी ने एक गुलदस्ता की तरह सजाया था, उसको भाजपा बर्बाद करने में तुली हुई है। देश की जनता महंगाई की मार से परेशान है। वहीं, करोड़ों युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो सबको लेकर चलती है। भाजपा के लोग कहते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया तो मैं बताना चाहता हूं, इन सालों में कांग्रेस पार्टी ने जहां देश का विकास किया। वहीं सभी जाति धर्म के लोगों को एक साथ लेकर चलने का काम किया है।
पूर्व विधायक डॉ. आरके दोगने ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता भाजपा के तानाशाह और भ्रष्ट प्रशासन से ऊब चुकी है, और उनके अंदर आक्रोश व्याप्त है। इस बार के विधानसभा चुनाव में आप सब लोग एकजुट होकर पूरे प्रदेश से भाजपा को उखाड़ फेंकने का काम करें।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाकर जनता का समर्थन प्राप्त किया। इस दौरान पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत टाले, गोविंद व्यास, सुप्रिया पटेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमिला ठाकुर, उत्तम तेनगुरिया, केदार सिरोही, आमिर पटेल सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।