हरदा: हरदा आदर्श महाविद्यालय हरदा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा महाविद्यालय के संचालक उमर रऊफ के मार्गदर्शन में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना तथा तनाव, अवसाद और नशे जैसी समस्याओं से बचाव के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा आकर्षक पोस्टर निर्माण किया गया, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही रंग-बिरंगी रंगोली बनाकर “स्वस्थ मन, स्वस्थ जीवन” का संदेश दिया गया। स्वयंसेवकों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर समाज में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को उजागर किया।
नाटक के माध्यम से बताया गया कि मानसिक समस्याओं को छिपाने के बजाय खुलकर चर्चा करना और समय पर परामर्श लेना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में सभी को यह संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है तथा हमें स्वयं और अपने आसपास के लोगों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए।

