रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रीवा-सीधी नेशनल हाई-वे पर स्कॉर्पियो और ऑटो की भिड़ंत से भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पातल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ऑटो के परखच्चे उड़ गए
पूरा मामला गुढ़ थाना क्षेत्र ग्राम गेरूई का है। जानकारी के मुताबिक ऑटो रीवा से गुढ़ की ओर जा रहा था, तभी एक स्कॉर्पियो सीधी की दिशा से रीवा की ओर आ रहा था। बताया जा रहा है कि तभी पेट्रोल पंप के पास स्कॉर्पियो और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
बताया जा रहा है कि भीषण सड़क हादसे में जिनकी मौत हुई है, वो दोनों ऑटो में सवार थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि अभी तक कि जानकारी के मुताबिक हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।
गाड़ी के अंदर से मिले हथियार
वहीं हादसे के बाद स्कॉर्पियों का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।पुलिस ने स्कॉर्पियों के अंदर से लाठी-डंडे और चाकू बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि गाड़ी के अंदर से हथियार कैसे मिले, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

