इंदौर। इंदौर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे स्टंट वीडियो पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भंवरकुआं थाना पुलिस ने कार से खतरनाक स्टंट करने वाले युवक और उसके साथियों को पकड़ लिया है। आरोपी सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डाल रहे थे।
टीआई संतोष दूधी के मुताबिक बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कार नंबर MP13ZT7596 का ड्राइवर अपने दोस्तों के साथ भंवरकुआं क्षेत्र में स्टंट करता नजर आ रहा था। वीडियो में युवक सड़क पर खतरनाक तरीके से कार घुमा रहा था, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान को खतरा पैदा हो रहा था।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और वाहन मालिक प्रतीक पुत्र मनोज निहाले निवासी भोलाराम, इंदौर समेत उसके अन्य साथियों को पकड़ लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

