➡️✍️✍️ के के यदुवंशी पत्रकार,
इटारसी, रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में इटारसी जीआरपी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्टेशन पर खड़ी यात्री ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने करीब ₹3,50,000 मूल्य का मशरूका बरामद किया है। बरामद सामान में 14 मोबाइल फोन, महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, महिला-पुरुषों के बैग व अन्य व्यक्तिगत दस्तावेज शामिल हैं।
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल राहुल कुमार लोढ़ा (भा.पु.से.) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती नीतू सिंह डावर, पुलिस अधीक्षक रेल इटारसी महेन्द्र सिंह कुल्हाड़ा तथा थाना प्रभारी संजय चौकसे के नेतृत्व में किया गया।
कैसे हुई चोरी की वारदात
दिनांक 23 जुलाई 2025 को फरियादी ध्रुवल त्रिपाठी चेन्नई जाने वाली GT एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12616) में अपने दोस्तों के साथ यात्रा कर रहे थे। कोच B/5 में यात्रा के दौरान रात में उनकी बर्थ से दो बैग चोरी हो गए, जिनमें एक सैमसंग S23 मोबाइल, आईपॉड, चश्मा, और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। कुल सामान की कीमत करीब ₹63,500 थी।
इसके बाद इटारसी जीआरपी थाने में FIR क्रमांक 577/25 धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मास्टर प्लान के तहत गिरफ्तारी
दिनांक 04 अगस्त 2025 को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी संजय चौकसे द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में उप निरीक्षक श्रीलाल पडरिया, प्रधान आरक्षक रानू अतलुकर, दिलीप सेन, लीलाधर रघुवंशी, दीपक सेन, राजेन्द्र दायमा, रामशंकर, अमृत कुशवाह, मायाशंकर, संतोष पटेल (साइबर सेल, भोपाल) सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
टीम ने माल गोदाम क्षेत्र में घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया, जो मोबाइल दिखाकर सस्ते में बेचने की कोशिश कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी
1. सोनू दोहरे पिता जसवंत दोहरे, उम्र 21 वर्ष, निवासी – चतुर्वेदी नगर, गली नंबर 5, थाना सिटी कोतवाली, ज़िला भिंड (म.प्र.)
2. सौरभ राजावत पिता जगत सिंह, उम्र 21 वर्ष, निवासी – ब्रह्मपुरी, चतुर्वेदी नगर, थाना सिटी कोतवाली, ज़िला भिंड (म.प्र.)
पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों के सोने के दौरान उनके मोबाइल व अन्य सामान चुरा लेते थे।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
दोनों आरोपी पहले से ही कई गंभीर मामलों में लिप्त पाए गए हैं।
सोनू दोहरे के विरुद्ध दर्ज प्रकरण:
• जीआरपी इटारसी – 577/25, 206/25 (धारा 305(सी))
• मंडीदीप – 466/23 (अर्म्स एक्ट)
• जीआरपी रतलाम – 149/24 (धारा 379 IPC)
• माधौगढ़ (उ.प्र.) – 102/21 (धारा 379, 411)
• लहार भिंड – 285/21 (धारा 379, 411)
सौरभ राजावत के विरुद्ध दर्ज प्रकरण:
• जीआरपी इटारसी – 577/25, 206/25, 297/21, 298/21 (धारा 379 IPC)
• भिंड कोतवाली – 336/20 (धारा 379)
• पोरसा मुरैना – 202/22, 126/23 (धारा 294, 323, 327, 506 IPC व अर्म्स एक्ट)
सौरभ राजावत की गिरफ्तारी के लिए पूर्व से ही दो स्थायी वारंट लंबित थे।
पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान
इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल द्वारा थाना प्रभारी संजय चौकसे व उनकी टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। टीम ने समयबद्ध, साहसिक और रणनीतिक कार्रवाई करते हुए न सिर्फ चोरी की वारदात का खुलासा किया बल्कि चोरी हुए मोबाइल और अन्य सामान को भी बरामद कर लिया।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को दिनांक 5 अगस्त 2025 को माननीय जेएमएफसी न्यायालय इटारसी में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल नर्मदापुरम भेज दिया गया।

