हरदा-नर्मदापुरम समेत इन जिलों में गरज-चमक के साथ बरस सकते बादल
_प्रदेश मे यह बारिश।का अंतिम दौर है, मौसम विभाग ने आज भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा समेत 34 जिलों में आज गरज-चमक के साथ वर्षा की चेतावनी दी है।_
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के कारण आज 26 सितंबर को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने आज के लिए प्रदेश में 30 डिग्री अधिकतम और 22 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ शाम के समय बौछारों की संभावना जताई है।
हरदा, नर्मदापुरम, खंडवा, देवास और बैतूल में आज कैसा रहेगा मौसम…?
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार आज इन पांचों जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन जिलों को भारी बारिश के रेड अलर्ट से अलग रखा गया है, यहां मौसम मिला-जुला रहेगा – सुबह बादल, दोपहर में धूप और शाम को कहीं-कहीं बौछारें। कल इटारसी में तेज बारिश दर्ज की गई थी, आज भी नर्मदापुरम-बैतूल बेल्ट में 20-21 मिमी तक बारिश हो सकती है।
आज किन जिलों में भारी और अति-भारी बारिश का अलर्ट…?
मौसम विभाग ने आज के लिए अलग-अलग श्रेणी में अलर्ट जारी किया है ।
अति भारी वर्षा का अलर्ट- सतना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी।
भारी वर्षा का अलर्ट- दतिया, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, मंडला, पन्ना, दमोह, मैहर ।
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा समेत 34 जिलों में आज गरज-चमक के साथ वर्षा की चेतावनी है।
पूर्वी मध्य प्रदेश – रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, जबलपुर, बालाघाट में अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी, जबकि पश्चिमी हिस्से में कुछ-कुछ जगहों पर बौछारें पड़ेंगी।
मानसून की विदाई पर क्या है अपडेट…?
प्रदेश में इस मानसून अब तक 34.3 इंच बारिश हो चुकी है जो सामान्य से 2.4 इंच कम है। सामान्यतः 30 सितंबर तक मानसून की विदाई मानी जाती है, लेकिन इस बार 26 और 27 सितंबर तक भी पूर्वी एमपी में भारी बारिश बनी रहेगी, उसके बाद मौसम खुलेगा।
किसानों और नागरिकों के लिए सलाह
अगले 24 घंटे में 40-50 किमी प्रति घंटे की झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, इसलिए खुले में रखा अनाज सुरक्षित रखें और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।

