हरदा। शहर के इंदौर रोड पर शनिवार शाम हुई मजिस्ट्रेट चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। करीब ढाई घंटे तक चली चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 वाहन चालकों पर करीब 41 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लवकेश सिंह, न्यायाधीश अमित मालवीय, संजय राठौड़, न्यायाधीश चंद्रशेखर राठौर ने होटल मानसरोवर के पास शाम 4 बजे अचानक चेकिंग शुरू की। इस दौरान बाइक, कार, बुलेट, डंपर सहित अन्य वाहनों के फिटनेस, बीमा, लाइसेंस सहित अन्य कागजात चेक किए गए। चेकिंग शाम 6:30 बजे तक चली।
चेकिंग में पटाखे जैसी आवाज निकालने वाली बुलेट जब्त की गई। साथ ही छह कारों की ब्लैक फिल्म निकलवाई गई। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, स्टाइलिश नंबर प्लेट, बिना बीमा, बिना फिटनेस वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।
इधर, चालानी कार्रवाई के दौरान वाहन चालक रास्ता बदलते नजर आए। वहीं यातायात पुलिस ने 50 वाहनों पर 20 हजार रुपए जुर्माना लगाया। इससे पहले सुबह यातायात पुलिस ने खिरकिया रोड पर भी वाहनों की चेकिंग की, जिसमें 50 वाहनों पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसमें बाइक, कार, डंपर शामिल हैं।

