वेल्डिंग की चिंगारी से भड़की लपटें, 5 किमी दूर से दिखा धुएं का गुबार
छत्तीसगढ़ । प्रदेश के भिलाई औद्योगिक क्षेत्र हथखोज में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आज दोपहर भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें और काले धुएं का गुबार 5 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। हादसे में फैक्ट्री में रखे 50 से ज्यादा केमिकल से भरे ड्रम जलकर खाक हो गए, जबकि 2 टैंकर भी पूरी तरह जल गए।
कैसे लगा आग…?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम चल रहा था। उसी दौरान निकली चिंगारी ने पास में रखे ज्वलनशील केमिकल को पकड़ लिया। देखते ही देखते आग ने पूरे शेड को अपनी चपेट में ले लिया। केमिकल में अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैली और एक के बाद एक ड्रम फटने लगे।
फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना पर जामुल और छावनी पुलिस मौके पर पहुंची।
7 दमकल गाड़ियों ने 4 घंटे में पाया काबू
आग की सूचना पर दुर्ग-भिलाई के साथ ही BSP, ACC और JK लक्ष्मी प्लांट से कुल 7 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फोम और पानी की बौछार से करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कंपनी में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।

