सागर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव गुरुवार को गढ़ाकोटा में आयोजित रहस लोकोत्सव 2026 और बुन्देलखण्ड स्तरीय किसान एवं ग्रामीण शहरी आजीविका समूहों के सम्मेलन समारोह में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रहली और गढ़ाकोटा को स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, खेजरा-शाहपुर-मोकलपुर फ्लाईओवर सहित कृषि उपज मंडी अपग्रेड करने का ऐलान किया।
बुंदेलखंड को बताया वीरों की धरती
रहस मेले की 217 साल पुरानी परंपरा को याद करते हुए मोहन यादव ने वीरता और पराक्रम का लोहा मनवाने वाले महान योद्धाओं की भूमि को नमन किया। सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश के सीएम 32.78 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में 196.72 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की। इसमें सागर जिले के 2 लाख 688 पेंशन लाभार्थियों को 12.03 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा, “बीड़ी उद्योग और तेंदूपत्ता संग्रहण केवल व्यापार नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की जीविका है।”
किसानों के लिए 1 करोड़ का सुरक्षा चक्र
मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने कहा, ” प्रदेश सरकार इस साल किसानों के कल्याण के लिए 1 लाख करोड़ रु से अधिक का बजट समर्पित कर रही है। हमारा संकल्प हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाना है, जिससे सिंचाई रकबे में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण संस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए फूड पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। कृषि आधारित उद्योगों के उत्थान और किसानों को उनकी फसल के सही दाम प्राप्त हो, इसके लिए सरकार ने 2026 को कृषि कल्याण वर्ष घोषित किया है।” उन्होंने कहा कि पशु पालन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
रहली विधानसभा को सौगातों की बौछार
मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने रहली विधासभा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने खेजरा-शाहपुर-मोकलपुर फ्लाईओवर निर्माण की स्वीकृति दी। रहली एवं गढ़ाकोटा कृषि उपज मंडी के अपग्रेड करने के लिए 5-5 करोड़ रुपए और शाहपुर उपमंडी के विकास के लिए 1 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी। उन्होंने रहली रमखरिया, सिमरिया नायक बहेरिया मढ़ी (लगभग 22 किलोमीटर) मार्ग के अपग्रेड और चौड़ीकरण करने की भी घोषणा की। उन्होंने ढाना में शासकीय महाविद्यालय में वाणिज्य संकाय और इतिहास के नए विषय खोलने को भी मंजूरी दी। रहली और गढ़ाकोटा में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खोले जाने का भी ऐलान किया।

