जानिए कैसा रहेगा 14 अगस्त 2026 को प्रदेश का मौसम
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 भोपाल । बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश के मध्य भाग और उत्तर पूर्व अरब सागर में बने ऊपरी हवा के चक्रवात से नमी आ रही है,
जिसके चलते बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। आज अधिकतम तापमान 30-31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आंधी-बिजली के दौरान नागरिकों से पेड़ों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
आज प्रदेश के 14 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। इनमें रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, रीवा, सतना, अनुपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर और पांढुर्णा शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है।
हल्की से मध्यम बारिश वाले जिले
भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुरकलां में तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
पूर्वी और महाकौशल क्षेत्र का हाल
जबलपुर, सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, कटनी, नरसिंहपुर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर सहित पूर्वी मध्य प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।
प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर मौसम
शाम के समय पचमढ़ी, सांची, ओंकारेश्वर, बावनगजा, महाकालेश्वर, बांधवगढ़, सागर और ग्वालियर जैसे पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर भी बारिश होने की संभावना है।
इंदौर में आज का मौसम
इंदौर में दिनभर बादल छाए रहेंगे। दोपहर तक तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस रहेगा और बारिश की संभावना 20-24 प्रतिशत है। शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच बारिश होने के 50 प्रतिशत से अधिक चांस हैं। रात 10 बजे भी एक बार फिर बारिश हो सकती है। आज इंदौर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
जरूरी जानकारी और सावधानियां
14 से 16 अगस्त तक मौसम – प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी। भोपाल और इंदौर समेत 24 जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
नर्मदा नदी किनारे – बरगी बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना है। इससे नदी का जलस्तर 3 से 4 फीट तक बढ़ सकता है। प्रशासन ने घाटों से दूर रहने की अपील की है।
कितनी हुई बारिश – प्रदेश में अब तक औसत से लगभग 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है, लेकिन मालवा-निमाड़ क्षेत्र में पिछले 48 घंटों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है।कुल मिलाकर आज प्रदेश में मौसम सुहावना रहेगा और शाम से बारिश का नया दौर शुरू होगा।
प्रशासन कि नागरिकों से अपील है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें और सुरक्षित रहें।

