नर्मदापुरम पुलिस को बड़ी सफलता
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 नर्मदापुरम। थाना कोतवाली नर्मदापुरम पुलिस ने लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्णा एस. थोटा (आईपीएस) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन एवं एसडीओपी श्री जितेंद्र पाठक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
फांसी की सूचना से शुरू हुई जांच
दिनांक 12 दिसंबर 2025 को फरियादी अशोक गोस्वामी निवासी होली चौक नर्मदापुरम ने थाना कोतवाली में सूचना दी कि उसकी बहन गीताबाई गोस्वामी (36) ने किराए के मकान में फांसी लगा ली है। सूचना के आधार पर थाना कोतवाली नर्मदापुरम में मर्ग क्रमांक 81/25 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
शव परीक्षण में हुआ हत्या का खुलासा
जांच के दौरान शव के गले पर संदिग्ध काले निशान पाए गए, जिससे पुलिस को आत्महत्या की कहानी पर संदेह हुआ। इसके बाद जिला अस्पताल नर्मदापुरम में कराए गए पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि मृतिका ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। हत्या को छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने शव को साड़ी से फांसी के रूप में लटकाया था।
लिव-इन पार्टनर पर शक
तकनीकी साक्ष्यों से गिरफ्तारी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया। मृतिका के परिजनों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह बलराम उर्फ गोलू सेन पर गया, जो पिछले 3–4 वर्षों से मृतिका के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
विवाद और हत्या की साजिश
आरोपी बलराम ने बताया कि मृतिका के साथ आए दिन विवाद और मारपीट होती थी, जिससे वह परेशान हो गया था। उसने कई दिनों से हत्या की योजना बना रखी थी। 11–12 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात, जब मृतिका घर में अकेली थी, तब आरोपी ने कलाबे के धागे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर साड़ी से शव को लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
आरोपी न्यायालय में पेश, विवेचना जारी
पुलिस ने आरोपी बलराम उर्फ गोलू सेन (42), निवासी अकबरी मस्जिद के पास, बालागंज नर्मदापुरम को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है। मामले की विस्तृत विवेचना अभी जारी है।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
हत्या की गुत्थी सुलझाने पर पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम द्वारा थाना कोतवाली की टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस पूरे मामले के खुलासे में निरीक्षक कंचन सिंह (थाना प्रभारी, कोतवाली), उपनिरीक्षक अनुज बघेल, सहायक उपनिरीक्षक संजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रितेश यादुवंशी सहित आरक्षक गजेंद्र, आशीष राजपूत, रवि कुशवाह, मनीष सोनी, महिला आरक्षक शमीना, आरक्षक कमलेश, संदीप एवं दीपेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

