उज्जैन। आस्था, विश्वास और श्रद्धा का पर्व मकर संक्रांति पर सुबह से ही शिप्रा नदी के घाटों पर आस्था की डुबकी लगाने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा है। श्रद्धालु पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और तिल व गुड़ का दान करते हुए भी नजर आ रहे हैं। चारों ओर धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है, जहां हर आयु वर्ग के लोग पूरे श्रद्धाभाव के साथ इस पावन पर्व को मना रहे हैं।
लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी प्रमुख स्नान घाटों पर विशेष भीड़ नियंत्रण टीमें तैनात की गई हैं। इसके साथ ही पुलिस, होमगार्ड और स्वयंसेवकों की मदद से श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से स्नान कराया जा रहा है। ताकि मकर संक्रांति का यह पावन स्नान शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

