हरदा। भाईदूज की रात छठ पूजा के लिए जा रहे एक यात्री के साथ चारखेड़ा रेलवे स्टेशन पर हादसा हो गया। यात्री अचानक ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी हरदा और आरपीएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल हरदा पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, जीआरपी चौकी हरदा को मेमो प्राप्त हुआ था कि चारखेड़ा स्टेशन पर एक व्यक्ति ट्रेन से गिर गया है और घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना पर जीआरपी एवं आरपीएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल यात्री की पहचान नंदलाल पिता मोहनलाल (25 वर्ष), निवासी सोनभद्र, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। राहत की बात यह है कि यात्री होश में है। उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जो हरदा के लिए रवाना हो रहे हैं।
इस पूरे रेस्क्यू अभियान में जीआरपी के उप निरीक्षक कमलेश रघुवंशी, आरक्षक अनिरुद्ध सिंह चौहान, आरपीएफ के एएसआई ललित श्रीवास्तव, चालक पवन एवं 108 एंबुलेंस स्टाफ ने तत्परता से मदद की।
समय पर मिली मदद बनी जीवनरक्षक! जीआरपी, आरपीएफ और 108 एंबुलेंस की टीम की त्वरित कार्रवाई से घायल यात्री को समय पर उपचार मिल सका। सभी के मानवीय प्रयासों की सराहना हो रही है।

