भोपाल। मध्य प्रदेश पर इस बार इंद्रदेव इस कदर मेहरबान हैं कि राहत की बारिश अब आफत में तब्दील हो चुकी है। जुलाई और अगस्त के बाद सितंबर में भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने तीन मौसमी सिस्टम के एकसाथ सक्रिय होने से प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। ऐसे में सितंबर की शुरुआत भी झमाझम बारिश के साथ हो रही है और आने वाले दिनों में भी यही हाल रहेगा।
आज इन 15 जिलों में होगी भारी बारिश
आज मंगलवार को मध्य प्रदेश के जिन 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, उज्जैन, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, शिवपुरी और धार शामिल हैं। इन जिलों में अगले 24 तक 2 से 4 इंच तक बारिश हो सकती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में नदी नाली भी उफान पर आ सकते हैं। बता दें कि मध्य प्रदेश में पिछले 48 घंटों में कई जिलों में जमकर बारिश हुई है, जिसमें राजधानी भोपाल के साथ-साथ जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

