नई दिल्ली। अनुभवी महिला बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल संत प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंची हैं। साइना के साथ इस दौरान उनकी मां और बहन भी थीं। साइना ने कहा कि कई बार जब उन्हें किसी इवेंट में जाना होता है तो वह तनाव में आ जाती। जिससे वह मुक्त होना चाहती हैं। इसपर प्रेमानंद जी महाराज ने उनकी शंकाओं का समाधान किया।
साइना की प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन करते समय की जो वीडियो आई है इसमें वह महाराज जी के सामने हाथ जोड़कर खड़ी हुई हैं और अपनी परेशानी उन्हें बता रही हैं। साइना के साथ उनकी मां उषा नेहवाल और उनकी बहन भी दिखाई दे रही हैं। साइना ने प्रेमानंद महाराज से पूछा, ‘, मुझे मंदिर जाना बहुत पसंद है और मैं काफी मंत्र भी जपती हूं पर जब भी मुझे कुछ लोग इवेंट्स में बुलाते हैं, तो उस टाइम का न सोचकर मैं थोड़ा तनाव में आ जाती हूं कि इस कार्यक्रम का क्या होगा।’
साइना के सवाल का जवाब देते हुए प्रेमानंद महाराज ने कहा, ‘अज्ञान की वृद्धि जब तक नष्ट नहीं होगी तब तक वह चिंता बनी रहती है। वहीं वर्तमान के समय को यदि हम भगवान के नाम को जपने में लगा दें तो हमारा भूत और भविष्य दोनों ठीक हो जाएगा। ‘ संत ने कहा कि जब हमारी बुद्धि खराब हो जाती है तो नकारात्मकता अधिक फैलने लगती है और जब बुद्धि ज्यादा नकारात्मक हो जाती है तब हम अवसाद में पहुंच जाते हैं। वहीं अगर हमारी बुद्धि सकारात्मक होती है तो हम समस्या के साथ भी खुश रहते हैं।’

