भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में भीषण शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है।
प्रदेश के कई शहरों में 5 डिग्री के नीचे पहुंचा पारा
प्रदेश के सात संभागों में शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है। खजुराहो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इसके बाद रीवा में 4.1 डिग्री, दतिया में 4.2 डिग्री, नौगांव और शिवपुरी में 5 डिग्री, उमरिया में 5.4 डिग्री और पचमढ़ी में 5.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़ सहित कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।

