नई दिल्ली। रिकॉर्ड ऊंचाई से मुनाफावसूली के चलते बीते सत्रों में सोना और चांदी के वायदा भाव में भारी गिरावट देखने को मिली थी। हालांकि, निचले स्तरों से अब दोनों कीमती धातुओं में एक बार फिर मजबूती लौट आई है। मंगलवार को घरेलू वायदा बाजार में सोना और चांदी दोनों तेजी के साथ खुले। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सोने के वायदा भाव करीब 1,48,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहे थे, जबकि चांदी के भाव 2,50,400 रुपये प्रति किलो के करीब बने हुए थे। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 4,009 रुपये की तेजी के साथ 1,48,000 रुपये पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 1,43,991 रुपये था।
कारोबार के दौरान सोने ने 1,48,310 रुपये का दिन का उच्च स्तर और 1,47,215 रुपये का निचला स्तर छुआ। गौरतलब है कि बीते महीने सोने ने 1,80,779 रुपये का रिकॉर्ड उच्च स्तर बनाया था। एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क मार्च कॉन्ट्रैक्ट 9,450 रुपये की तेजी के साथ 2,45,711 रुपये पर खुला। इस समय यह 14,175 रुपये की मजबूती के साथ 2,50,436 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान चांदी ने 2,50,436 रुपये का उच्च और 2,45,711 रुपये का निचला स्तर देखा। इस साल चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का सर्वोच्च स्तर छुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी में तेजी देखने को मिल रही है। कॉमेक्स पर सोना 4,691 डॉलर प्रति औंस पर खुला और बाद में 4,809.90 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी के वायदा भाव 79.22 डॉलर पर खुलकर 82.06 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गए। मुनाफावसूली के बाद आई यह तेजी बाजार में निवेशकों के बढ़ते भरोसे का संकेत मानी जा रही है।

