3 से 7 अक्टूबर तक नेहरू स्टेडियम में जुटेंगे प्रदेश भर के खिलाड़ी
हरदा : राज्य स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष हरदा में किया जाएगा। प्रतियोगिता की पूर्व तैयारियों को लेकर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सभी अधिकारियों को दायित्व सौंपे है। जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 संभागों से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक और बालिका कबड्डी टीमें सहभागिता करेंगी।
प्रतियोगिता का आयोजन 3 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक नेहरू स्टेडियम, हरदा में होगा। बारिश की स्थिति में प्रतियोगिता का आयोजन कृषि उपज मंडी के शेड में किया जाएगा। प्रतियोगिता में बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने के लिए शासकीय, अशासकीय विद्यालयों और छात्रावासों में व्यवस्था की गई है। प्रत्येक संभाग से 24 खिलाड़ी और 5 ऑफिशियल इस प्रकार कुल 240 खिलाड़ी और 50 ऑफिशियल इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

