खातेगांव। सतवास पुलिस ने अमानत में खयानत के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को घटना स्थल से लगभग 1100 किलोमीटर दूर से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है। यह मामला 12 जून 2024 को सतवास थाने में दर्ज किया गया था। फरियादी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका दोस्त गुजराम उर्फ शिवा कश्यप, निवासी गाजीपुर (उ.प्र.), जिसके साथ वह दो साल से रेत खदान में काम कर रहा था, उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।
फरियादी के अनुसार, 12 जून को दोनों मोटरसाइकिल (क्रमांक MP47 ZB 2124) से ग्राम बाईजगवाड़ा में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे गुजराम उर्फ शिवा तंबाकू पाउच लाने का बहाना बनाकर बाइक की चाबी लेकर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। फरियादी ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया और न ही काम पर लौटा। इसके बाद सतवास थाने में अपराध क्रमांक 283/24 धारा 406 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया।
टीम ने मुखबिर की सूचना पर से दबिश देकर आरोपी गुजराम उर्फ शिव कश्यप को गाजीपुर (उ.प्र.) से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुजराम उर्फ शिव कश्यप (33 वर्ष) पुत्र सौदागर कश्यप, निवासी गोसलपुर, थाना करीमुद्दीनपुर, जिला गाज़ीपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है। जब्त की गई मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाप आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज सिंह, उपनिरीक्षक सरदार मंडलोई, आरक्षक राहुल लोवंशी और साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान और शिवप्रताप सिंह सेंगर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

