मकड़ाई एक्सप्रेस 24 भीलवाड़ा/राजस्थान । पहचान छिपाने का तरीका अब हैरान करने वाला हो गया है। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे में चोरों की एक टोली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाकर चोरी करने पहुंच गई। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या हुआ
बीती मध्यरात्रि बस स्टैंड स्थित ‘मातेश्वरी मोबाइल शॉप’ में चोरों ने छत की सीढ़ियों वाले गेट का ताला तोड़कर दुकान में एंट्री की। दुकान मालिक लक्ष्मण सेन ने मंगलवार सुबह दुकान खोली तो सामान बिखरा पड़ा था और महंगे मोबाइल के डिब्बे खाली थे।
चोरों ने विभिन्न कंपनियों के करीब 35 से 40 स्मार्टफोन चुरा लिए, जिनकी कीमत 4 से 5 लाख रुपए बताई जा रही है। CCTV फुटेज में एक चोर साफ तौर पर पीएम मोदी का मुखौटा पहने दिख रहा है।
दूसरी दुकान में भी कोशिश
पुलिस के मुताबिक इसी रात गैंग ने बीज गोदाम चौराहा स्थित ‘सांवरिया मोबाइल’ दुकान का शटर तोड़ने की भी कोशिश की। वहां के CCTV में भी वही मुखौटाधारी शख्स शटर का ताला तोड़ता नजर आया, पर वो कामयाब नहीं हो सका।
पुलिस जांच
करेड़ा थाना अधिकारी पूरणमल मीणा ने बताया कि दुकानदार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
सोशल मीडिया रिएक्शन
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स इसे “अनोखे अंदाज की चोरी” बता रहे हैं। कुछ लोग इसे पहचान छिपाने का नया तरीका कह रहे हैं, तो कुछ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस अब आसपास के कैमरे और तकनीकी सबूतों के जरिए चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

