चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर बस खाई में गिरी, 7 की मौत, 7 घायल शनिवार की सुबह हुआ भीषण हादसा
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 हिमाचल प्रदेश।प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर समेत 7 लोगों की मौत की खबर है। जबकि करीब 7 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
बैरागढ़ से चंबा जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुई बस शर्मा ट्रैवलर्स की थी। यह बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस महज 3 किलोमीटर ही आगे पहुंची थी कि देवीकोठी के समीप चालुज मोड़ पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से नीचे गिर गई।
बस में 15-20 यात्री सवार थे
हादसे के समय बस में लगभग 15 से 20 यात्री सवार होने की बात सामने आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। वहीं करीब 7 लोग घायल हुए हैं जिन्हें तुरंत उपचार के लिए भेजा गया।
ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका
हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत दल को आशंका है कि कुछ अन्य लोग भी बस के मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। इसलिए मौके पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तीसा थाना के अतिरिक्त एसएचओ अनुभव शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
चंबा के पहाड़ी और संकरे मार्ग हादसों के लिए संवेदनशील माने जाते हैं। प्रशासन ने चालकों से सावधानी बरतने और गति सीमा का पालन करने की अपील की है।

