थाना प्रभारी ने सीपीआर देकर बचाई युवक की जान
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 उज्जैन। जिले के नागदा क्षेत्र से पुलिस का मानवीय और सराहनीय चेहरा सामने आया है। थाना प्रभारी (TI) अमृतलाल गवरी की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक युवक की जान बच गई, जो फांसी के फंदे पर झूल रहा था।
गश्त के दौरान मिली सूचना, तुरंत पहुंचे TI
जानकारी के अनुसार नागदा थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान एक व्यक्ति घबराया हुआ उनके पास पहुंचा और बताया कि उसके बेटे ने घर में फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही TI बिना देरी किए पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से उतारा
मौके पर पहुंचने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने दरवाजा तुड़वाया और युवक को तुरंत फांसी के फंदे से नीचे उतारा। तब तक परिजन उसे मृत समझकर विलाप कर रहे थे।
CPR से लौटाई सांसें
थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए जीवन रक्षक उपायों का इस्तेमाल किया। उन्होंने युवक की जांच कर तुरंत सीपीआर देना शुरू किया, जिससे कुछ ही देर में उसकी सांसें लौट आईं। यह देख मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी
प्राथमिक उपचार के बाद युवक को आनन-फानन में रतलाम के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। युवक की पहचान धैर्य यादव के रूप में हुई है। उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल सामने नहीं आया है।
परिजनों ने जताया आभार
युवक की जान बचने पर परिजनों ने नागदा पुलिस और थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी का आभार व्यक्त किया। वहीं नागदा पुलिस द्वारा इस पूरी घटना का वीडियो भी जारी किया गया है, जो सोशल मीडिया पर सराहना बटोर रहा है।

