हरदा। शहर के कसेरा मोहल्ले में बीती रात पटाखे की चिंगारी से एक मकान की ऊपरी मंजिल में भीषण आग लग गई। लकड़ी से बना मकान धू-धू कर जलने लगा। ग्राउंड फ्लोर पर सो रही बुजुर्ग महिला को पड़ोसियों ने समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आधी रात को उठीं लपटें
पार्षद व कसेरा समाज के अध्यक्ष मनोज महलवार ने बताया कि बुजुर्ग सुषमा चंद्रवंशी घर में अकेली रहती हैं। बीती रात करीब 1 बजे उनके मकान की ऊपरी मंजिल से धुआं और लपटें उठती देख सामने रहने वाले युवक ने पड़ोसियों को जगाया। उस समय सुषमा नीचे के कमरे में सो रही थीं और उन्हें आग का पता तक नहीं चला। पड़ोसियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला।
5 लाख का सामान जलकर खाक
सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद एक घंटे तक फायर ब्रिगेड सुरक्षा के मद्देनजर पानी का छिड़काव करती रही। आग से मकान के ऊपरी हिस्से में रखा लकड़ी का फर्नीचर, कूलर और बिस्तर सहित करीब 5 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। अलमारी में रखे बचत के रुपए भी जल गए। पीड़िता ने बताया कि उसका सब कुछ जल गया। पार्षद महलवार ने प्रशासन से पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

