Weather Update : अगले दो-तीन दिनों में पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़नेवाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 18 से 20 दिसंबर के बीच पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और चंडीगढ़ में शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है। आपको बता दें कि मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होता है और लगातार दो दिनों तक तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम होता है, तो शीतलहर आती है।वहीं, इस दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने इसकी वजह के बारे में बताते हुए कहा कि एक पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जा रहा है जो जम्मू और पड़ोस के ऊपर बन रहा है। वहीं एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और पड़ोसी क्षेत्रों में भी बना हुआ है। इसकी वजह से बारिश और शीतलहरी की संभावना बन रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र हरियाणा और आसपास के क्षेत्र पर बना हुआ है, जिससे अगले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, पूर्वोत्तर राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई हैं। वहीं तमिलनाडु-पुडुचेरी-कराइकल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग या छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अगले पांच दिनों के दौरान केरल-माहे में अलग-अलग जगहों पर वर्षा होने की संभावना है।
उधर, कश्मीर घाटी में बुधवार को मौसम काफी ठंडा रहा, यहां तापमान शून्य से 3.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। जिस वजह से प्रसिद्ध डल झील के बीच का हिस्सा जम गया। फिलहाल पूरी घाटी में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी का दौर जारी है। उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग रिजॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से माइनस 10 डिग्री तक नीचे पारा दर्ज किया गया है। हिमालय से आने वाली सर्द हवाओं की वजह से राजस्थान में लगातार शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से शीतलहर का प्रकोप और बढ़ने वाला है।
नये पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हो जाने से देश के पश्चिमोतर मैदानी इलाकों और पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गयी है।देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इस सप्ताह के आखिर तक पारा गिरकर 5 डिग्री तक पहुंच सकता है। हिमालय की ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण कंपकपी बढ़ेगी। झारखंड में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में तापमान में गिरावट जारी है, जिससे ठंड बढ़ रही है। मध्य और उत्तर बिहार में भी गुरुवार से रात का पारा नीचे जाने के आसार हैं।