मकड़ाई समाचार हरदा। हरदा जिले की रहटगांव तहसील के ग्राम बांसपानी निवासी 8 मजदूर शिवलाल, रामलाल, दिनेश, आशीष, ओमप्रकाश, बृजेश, लच्छीराम व शांतीबाई गन्ने के खेत में मजदूरी करने महाराष्ट्र राज्य के लातूर जिले की अहमदपूर तहसील में गये थे। इनमें चार नाबालिग मजदूर भी शामिल है। इन मजदूरों सेे वहाँ के गन्ना उत्पादक किसान द्वारा खेतों में मजदूरी कराई गई। लेकिन पारिश्रमिक की राशि भुगतान नहीं की गई। वह किसान इन्हें आने भी नहीं दे रहा था।
इन मजदूरों के परिजनों श्री कालू, मानसिंग, मोतीराम व बीजा ने कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग को आवेदन देकर कार्यवाही की मांग की, जिस पर कलेक्टर श्री गर्ग ने महाराष्ट्र राज्य के लातूर जिले के कलेक्टर से मोबाइल फोन से चर्चा की और मजदूरों को किसान के चंगुल से मुक्त कराने का अनुरोध किया। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक श्री मनीष अग्रवाल ने भी इन पीढ़ित मजदूरों के परिजनों के अनुरोध पर रहटगांव के थाना प्रभारी को निर्देश दिये। रहटगांव थाने का पुलिस बल विशेष वाहन से लातूर गया और सभी मजदूरों को हरदा वापस लेकर आया। ये सभी मजदूर अब हरदा आ चुके है तथा अपने परिवार के साथ रह रहे है।

