कलेक्टर श्री गर्ग ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश
मकड़ाई समाचार हरदा। कलेक्टर ऋषि गर्ग ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों का 31 अक्टूबर तक शत प्रतिशत निराकरण करें। उन्होने कहा कि आवेदक यदि पात्रता रखता है तो उसे योजना का लाभ दिलाएं, तथा यदि पात्रता नहीं रखता है तो उसे लिखित में सूचित कर दें कि वह अपात्र है इसलिए आवेदन अस्वीकृत कर दिया गया है। कलेक्टर श्री गर्ग ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों का शत प्रतिशत सर्वे कराएं। कोई भी नागरिक सर्वे से न छूटे तथा हर व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं का लाभ मिले यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती राजेश्वरी महोबिया और अपर कलेक्टर जे.पी. सैयाम के साथ-साथ विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी मौजूद थे।
शहरों के हर वार्ड व ग्राम पंचायतों में लगाए जाएं 2-2 शिविर
कलेक्टर श्री गर्ग ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों को पोर्टल पर दर्ज करें तथा किये गए निराकरण को भी पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक नगरीय वार्ड व गांवों में इस माह में जन सेवा अभियान के तहत दो-दो शिविर आयोजित हो जाए ताकि कोई भी व्यक्ति अपनी पात्रता अनुसार योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रह जाए।
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज सभी शिकायतें अटेंड करें व संतुष्टिपूर्ण तरीके से उन्हें निराकृत भी करें
कलेक्टर श्री गर्ग ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निराकरण सभी अधिकारी समय सीमा में करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण करने से पहले आवेदक से बात करें और शिकायत को समझकर उसका निराकरण करें। उन्होने कहा कि शिकायत के निराकरण के बाद भी आवेदक से चर्चा करें और निराकरण से आवेदक के संतुष्ट होने पर शिकायत को बंद कराएँ। उन्होने कहा कि सौ दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें तथा सुनिश्चित करें कि कोई भी शिकायत नॉट अटेंड न रहे।
छीपानेर रोड़ की गुणवत्ता के संबंध में जाँच कर जानकारी दें
बैठक में कलेक्टर श्री गर्ग ने कहा कि छीपानेर रोड़ की गुणवत्ता खराब होने की शिकायतें प्राप्त हो रही है। उन्होने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिये कि सड़क विकास निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर देखें कि यदि यह मार्ग गारंटी पीरियड में है तो तत्काल ठेकेदार से मरम्मत कराएं तथा यदि निर्धारित समय से पूर्व ही यह मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है तो संबंधित ठेकेदार पर पेनल्टी लगाएं।
अधिकारियों को दिलाई नशा मुक्ति संबंधी शपथ
पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि सभी जिला अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके अधिनस्थ अधिकारी कर्मचारी दुपहियां वाहन चलाते समय हेल्मेट अवश्य लगाएं। कलेक्टर श्री गर्ग व पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को नशा मुक्ति संबंधी शपथ भी दिलाई।

