मकड़ाई समाचार बैतूल। जिले सोमवार रात से हो रही झमाझम वर्षा से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। माचना नदी में बाढ़ के कारण बैतूल-भोपाल नेशनल हाइवे 69 पर शाहपुर में दोपहर एक बजे से पुल के ऊपर से पानी जा रहा है। इससे आवागमन बंद हो गया है। बैतूल-इंदौर नेशनल हाइवे 59 ए पर करबला घाट के पुल पर से बाढ़ का पानी जाने के कारण आवागमन बंद हो गया है। इस मार्ग के बंद होने से वाहनों की आवाजाही फोरलेन से हो रही है। बैतूल शहर के गंज अंडर ब्रिज में हाथी नाले का पानी भरा गया है वहीं कोसमी में भी अंडर ब्रिज में पानी भरा जाने से आवागमन बंद हो गया है। तेज वर्षा से बैतूल शहर के निचले इलाक़ों मे लोगों के घरों में पानी भरा गया है। विनोबा वार्ड में महेशचंद्र रावत के पूरे घर में पानी घुस गया। इसी तरह टैगोर वार्ड में आंगनवाड़ी के पास भारी जल जमाव हो गया। यह पानी लोगों के मकानों में घुस गया। सूचना मिलने पर नगर पालिका की टीम पहुंच कर यहां पानी की निकासी के लिए कवायद कर रही है।
जलाशयों के गेट खोले
सारनी स्थित सतपुडा जलाशय के सात गेट सुबह से खोल दिए गए हैं। इसी तरह पारस डोह जलाशय के दो गेट खोलकर ताप्ती नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। इससे ताप्ती नदी भी उफान पर चल रही है। भू अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 12 घण्टे में घोड़ाडोंगरी विकासखंड में 165 मिमी से अधिक वर्षा हो चुकी है। मंगलवार को दोपहर एक बजे से वर्षा का दौर थम गया है।