दुर्घटना के वक्त चारों तरफ चीख पुकार मच गई
बस्ती। यूपी के बस्ती में ट्रक और कार के बीच टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है और तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। बस्ती में फोरलेन पर बीते बुधवार देर रात करीब एक बजे कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रमवापुर के पास ट्रेलर में एक तेज रफ्तार बेकाबू कार पीछे से घुस गई। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। दुर्घटना के वक्त चारों तरफ चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर कप्तानगंज पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार सवार लोगों को बाहर निकालने में जुट गई।
बता दें कि महिला समेत 6 लोगों को कार में से बाहर निकाल कर जिला अस्पताल के लिए भेजा गया, जबकि चालक कार के मलबे में फंसा रहा। देर रात तक मृत चालक (नाम-पता अज्ञात) को कार की बॉडी काटकर बाहर निकालने का प्रयास जारी रहा। पुलिस का कहना है कि कार चालक समेत सभी सातों लोग फतेहपुर से गोरखपुर जा रहे थे।
बता दें कि जिला अस्पताल में मृतकों की पहचान रवि श्रीवास्तव (45 वर्ष) पुत्र ओम नारायण श्रीवास्तव, रचना नारायण श्रीवास्तव (40 वर्ष) पत्नी रवि श्रीवास्तव, रवि की मां वंदना श्रीवास्तव (55 वर्ष) पत्नी ओम नारायण श्रीवास्तव, निवासी रामनगर कॉलोनी पादरी बाजार थाना शाहपुर गोरखपुर के रूप में हुई। साथ ही घायलों की पहचान रवि के पुत्र प्रनलव (14 वर्ष), पुत्री प्रज्ञा (6 वर्ष), पिता ओम नारायण श्रीवास्तव (70 वर्ष) के रूप में हुई है।

