नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 71 हजार 360 हो गई है। आज सुबह से 571 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इनमें से अकेले दिल्ली में ही 406 नए मरीज मिले। यहां 383 संक्रमितों की अस्पताल से छुट्टी भी हुई है। दिल्ली के अलावा आज राजस्थान में 47, कर्नाटक में 42, आंध्रप्रदेश में 33, ओडिशा में 23, बिहार में 12, चंडीगढ़ में 6 और बिहार में 2 मरीज मिले। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 70 हजार 756 संक्रमित हैं। 46 हजार 8 का इलाज चल रहा है। 22 हजार 454 ठीक हो चुके हैं, जबकि 2293 मरीजों की मौत हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी का आज रात 8 बजे राष्ट्र के नाम संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे। वे लॉकडाउन बढ़ाने या इसमें रियायतें देने पर बोल सकते हैं। एक दिन पहले सोमवार को ही उन्होंने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की थी। लॉकडाउन को लेकर यह उनका पांचवां संबोधन होगा।
26 राज्य, 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस का संक्रमण देश के 26 राज्यों में फैला है। 7 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पुडुचेरी और दादर एंड नगर हवेली शामिल हैं।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 3785: देश में कोरोना संक्रमण जून-जुलाई के बीच पीक पर होने का अनुमान है। माना जा रहा है तब मध्यप्रदेश में 80 हजार से ज्यादा मरीज हो सकते हैं। इंदौर में संक्रमितों की संख्या 13 हजार 400 के करीब होगी। इस स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने जिले के आला अफसरों को अस्पतालों में बिस्तर, वेंटिलेटर और आईसीयू रखने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों से 14 मई तक इसका पूरा प्लान मांगा है।
- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 3547: राज्य में सोमवार को 107 नए संक्रमित मिले। इनमें से मेरठ के सबसे ज्यादा 22 और आगरा के 13 मरीज शामिल हैं। आगरा में 2, जबकि कानपुर और मेरठ में 1-1 संक्रमित की मौत हुई है। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में 224 मरीज मिल चुके हैं। यहां 49 कंटेनमेंट जोन हैं। राज्य में इस बीमारी से अब तक 80 लोग जान गंवा चुके हैं।
- महाराष्ट्र, संक्रमित- 23401: यहां सोमवार को 1230 नए संक्रमित मिले और 36 मौतें हुईं। मुंबई के धारावी में 26 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 859 हो गई है। माहिम में भी 119 पॉजिटिव केस हो चुके हैं। उधर, पुणे नगर निगम की सीमा में 69 कंटेनमेंट इलाकों में सोमवार से सभी दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। यहां लोग सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे थे।
- राजस्थान, संक्रमित- 4056: यहां मंगलवार को संक्रमण के 68 नए केस आए। इनमें उदयपुर में 32, जयपुर में 22, कोटा में 5, झुंझुनूं में 2, पाली, चूरू, सीकर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़ और सीकर में 1-1 संक्रमित मिला। बीकानेर और जालौर में 1-1 व्यक्ति की मौत भी हुई। राज्य में कोरोना से अब तक 115 की मौत हो चुकी है।
- दिल्ली, संक्रमित- 7639: यहां मंगलवार को 406 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस बीच यहां स्थिति एयर इंडिया के हेडक्वार्टर को 2 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। यहां एक चपरासी संक्रमित पाया गया। कंपनी ने कहा कि चेयरमैन और एमडी प्रदीप सिंह खारोला समेत सभी कर्मचारी घर से काम करेंगे। यह भी पता चला है कि एरलाइंस के 5 पायलट की पहले आई पॉजिटिव रिपोर्ट गलत थी। दोबारा की गई जांच में उनमें कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है।
- बिहार, संक्रमित- 746: यहां सोमवार को संक्रमण के 39 मामले सामने आए। इनमें से पटना में 3, जबकि गोपालगंज और भागलपुर में 2-2 मरीज मिले। राज्य में अब तक 354 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 6 लोगों की मौत हुई है। यहां सिर्फ 3 जिले सीतामढ़ी, अररिया और पश्चिमी चंपारण ग्रीन जोन में हैं। इनके अलावा मुंगेर, पटना, रोहतास, बक्सर और गया रेड जोन में हैं, जबकि 29 जिले ऑरेंज जोन में हैं।