मकड़ाई समाचार हरदा। नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर जे पी सैयाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राम कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह वर्द्धमान के साथ-साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी के सिंह एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री गर्ग ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन जिले की सिराली, खिरकिया व टिमरनी नगर परिषद तथा हरदा नगर पालिका के लिए होना है। इसके लिए निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन तथा नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की कार्यवाही 11 जून से शुरू होगी। नाम निर्देशन पत्र 18 जून को अपराहन 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की जांच 20 जून को होगी तथा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 22 जून को प्रात 3 बजे निर्धारित की गई है। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर प्रतीकों का आवंटन 22 जून को अपराहन 3 बजे के तत्काल बाद कर दिया जाएगा।
कलेक्टर श्री गर्ग ने बताया कि मतदान आगामी 6 जुलाई को प्रातः 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा तथा मतगणना और निर्वाचन परिणाम की घोषणा आगामी 17 जुलाई को होगी। कलेक्टर श्री गर्ग ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आदर्श आचरण संहिता का पालन करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए कोई भी पोस्टर पंपलेट या परिपत्र मुद्रित कराएं तो उस पर मुद्रक और प्रकाशक का नाम अवश्य मुद्रित कराएं। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के अंदर किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार नहीं किया जा सकता है सभी राजनीतिक दल व अभ्यर्थी इस बात का विशेष ध्यान रखें।

