सिराली: 4 साल से लटकी 100 मीटर की सीसी रोड, आदिवासी मोहल्ले में बारिश बनी आफत, कीचड़ से होकर स्कूल जा रहे मासूम
कलेक्टर साहब इस तस्वीर पर नजर डाले
मकडा़ई एक्सप्रेस 24सिराली। विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच सिराली नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 15 स्थित आदिवासी मोहल्ले की तस्वीर कुछ और ही बयां कर रही है। यहां पिछले 4 वर्षों से सिर्फ 100 मीटर लंबी सीसी रोड बनाने का काम अटका पड़ा है। पहली बारिश होते ही इस मोहल्ले की हकीकत सड़क पर उतर आई। पूरा रास्ता कीचड़, गंदे पानी और गड्ढों में तब्दील हो गया है।
बारिश में घरों से निकलना हुआ दूभर
मोहल्ले में करीब 60-70 परिवार रहते हैं। सड़क न होने के कारण बरसात के 2 दिन में ही गलियां दलदल बन गई हैं। घरों से निकलने के लिए लोगों को प्लास्टिक की थैलियां पैरों में बांधनी पड़ रही हैं। दोपहिया वाहन तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय निवासी रामसिंह ने बताया, “4 साल से चक्कर काट रहे हैं। हर बार अधिकारी बोलते हैं टेंडर प्रक्रिया में है। लेकिन बरसात आते ही हमारी मुसीबत शुरू हो जाती है।”
स्कूली बच्चों की सबसे बड़ी परेशानी
सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है। मोहल्ले से 15-20 बच्चे पास के स्कूल में पढ़ने जाते हैं। यूनिफॉर्म, जूते, कॉपी-किताबें सब कीचड़ से सन जाते हैं। कई बार बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
वार्ड की एक स्कूली छात्रा ने कहा, “मैडम रोज डांटती हैं कि कपड़े गंदे क्यों हैं। लेकिन हम करें भी तो क्या….?
रास्ते में कीचड़ के अलावा कुछ नहीं है।”
पिछले साल भी यही स्थिति थी और उस समय की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इसके बाद भी नगर परिषद ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
बीमार-बुजुर्गों के लिए बना मुसीबत
सड़क न होने से एंबुलेंस मोहल्ले तक नहीं पहुंच पाती। पिछले महीने एक बुजुर्ग को चारपाई पर लादकर 500 मीटर दूर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ा था। बीमार लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा।
आश्वासन पर आश्वासन, काम जीरो
वार्डवासियों ने बताया कि उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष, सीएमओ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार लिखित आवेदन दिए। हर बार फाइल आगे बढ़ाने और जल्द काम शुरू करने का आश्वासन मिला। लेकिन बजट और टेंडर के नाम पर मामला लटक गया।
आंदोलन की चेतावनी
अब मोहल्लेवासियों का सब्र जवाब दे गया है। लोगों का कहना है कि यदि 15 दिन के अंदर सीसी रोड निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे नगर परिषद कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। महिलाओं ने भी आंदोलन में शामिल होने की बात कही है।
वार्ड की महिला का कहना है, “हमें कोई बड़ी मांग नहीं है। सिर्फ 100 मीटर पक्की सड़क चाहिए ताकि हमारे बच्चे सम्मान से स्कूल जा सकें।”
फिलहाल नगर परिषद की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

