ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था युवक
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 बैतूल।जिले के बैतूल-रानीपुर मार्ग पर मंगलवार रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कोतवाली थाना क्षेत्र में मन मंदिर लॉन के पास एक तेज गति से आ रही पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान *जितेन्द्र पिता लक्ष्मण वरकड़े (28 वर्ष)*, निवासी चिखलार के रूप में हुई है। वह बैतूल नगरपालिका में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार दशहरे के कारण जितेन्द्र की ड्यूटी रात 11 बजे तक लगी थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल जितेन्द्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है।

