भोपाल। हनुमानगंज थाने में तैनात एएसआइ के बेटे अमित ने मगरमच्छ से लड़कर जान बचाई है। घटना कलियासोत डैम में सोमवार दोपहर 3.30 बजे की है, जहां अमित और उसका दोस्त नहा रहे थे। अमित व मगरमच्छ के बीच करीब दो मिनट तक झूमाझटकी चलती रही। इस घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हुआ है। अमित की दोनों जांघ पर गंभीर चोटें आईं हैं। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार अमित नेहरू नगर पुलिस लाइन में रहता है। उसके पिता मुन्नालाल जाटव हनुमानगंज थाने में एएसआई हैं। अमित अपने दोस्त गजेंद्र यादव के साथ डैम के किनारे घुमने गया था। गजेंद्र ने बताया कि गर्मी थी, दोनों का नहाने का मन हुआ तो वे डैम में उतर गए। जहां अमित पर पीछे से एक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। अमित की कद काठी अच्छी है, इसलिए मगरमच्छ उसे गहरे पानी में नहीं खींच पाया।
अमित ने भी पलटकर वार किया। उसने मगरमच्छ की आंखों में अंगुलियां डाल दीं। इसी बीच दोस्त गजेंद्र ने भी पास पड़ी लकड़ी से मगरमच्छ को भगाने के प्रयास किए। इस तरह मगरमच्छ ने अमित को छोड़ दिया और गहरे पानी में चला गया। अमित के दोस्त गजेंद्र ने परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। एंबुलेंस बुलाकर अमित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह खतरे से बाहर है। भोपाल सामान्य वन मंडल की समरधा रेंज के रेंजर एके झंवर ने बताया कि अमित को नियमों के तहत मदद दी जाएगी।