मैं इस साल 300 और मदरसों को बंद कर दूंगा,समान नागरिक संहिता जल्द ही देश में लागू और बहुविवाह प्रथा समाप्त होगी-हिमंत विश्व शर्मा मुख्यमंत्री
शर्मा ने कहा, ‘‘भारत में कुछ लोग सोचते हैं कि वे चार महिलाओं से शादी कर सकते हैं। लेकिन, मेरा कहना है कि आप चार शादी नहीं कर पाएंगे। वह वक्त अब समाप्त होने जा रहा। वह दिन दूर नहीं है। समान नागरिक संहिता भारत में लागू होने वाली है और देश को सही मायने में एक पंथनिरपेक्ष राष्ट्र बनाने का भी वक्त आ गया है।’
उन्होंने कहा, ‘‘जैसे हनुमान जी ने ‘राम राज्य’ की स्थापना की, हमें विश्वास है कि बंडी संजय तेलंगाना में ‘राम राज्य’ स्थापित करेंगे।” शर्मा लोगों से ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म देखने की अपील की।
असम के मुख्यमंत्री ने अपने राज्य में 600 मदरसों को बंद करने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘आज हम असम में ‘लव जिहाद’ के खिलाफ काम कर रहे हैं। हम राज्य में मदरसों की शिक्षा को बंद करने की दिशा में कदम उठा रहे हैं।” ऑल इंडिया मजलिस- ए- इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि नया भारत उनसे नहीं डरता। शर्मा ने कहा, ‘‘मैं ओवैसी से कहना चाहता हूं कि मैं इस साल 300 और मदरसों को बंद कर दूंगा।’
शर्मा ने कहा, ‘‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, भारत में राष्ट्रवाद और सनातन धर्म मौजूद रहेगा।” शर्मा ने कहा, ‘‘हिंदू एकता किसी धर्म के खिलाफ नहीं है। मेरा मानना है कि जब तक भारत में हिंदू रहेंगे तब तक देश में खुशहाली रहेगी। आज आप पाकिस्तान के हालात देखिए। आज भारत की बागडोर एक हिंदू के हाथ में है।
कुछ लोग कहते हैं भारत पिछड़ा है लेकिन मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) ने भारत को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया और देश विश्वगुरु बनेगा। ” अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बारे में उन्होंने कहा कि 10 साल पहले किसी ने इसके बारे में सोचा तक नहीं था और अब यह एक वास्तविकता बन गया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह पहले जम्मू-कश्मीर से संविधान के अनुच्छेद-370 को निरस्त करने के बारे में किसी ने सोचा नहीं था, लेकिन ऐसा हुआ।
