राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के साथ बैठक में बोले कमल नाथ, हमारे विधायकों को प्रलोभन दे रही भाजपा
मकड़ाई समाचार भोपाल। कांग्रेस समर्थित राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा बुधवार देर शाम भोपाल पहुंचे। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने अपने आवास पर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। गुरुवार को यशवंत सिन्हा राजधानी में कांग्रेस के सांसद और विधायकों के साथ होटल लेक व्यू अशोका में बैठक कर रहे हैं। कुछ देर पहले यह बैठक शुरू हुई। बैठक के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि मुझे विधायकों ने बताया है कि उन्हें राष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रलोभन दिया जा रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है भाजपा प्रशासन और पैसे का दुरुपयोग कर रही है। मुझे हमारे विधायकों पर पूरा भरोसा है। वे पार्टी लाइन पर ही मतदान करेंगे। जिला और जनपद पंचायत के सदस्यों को भी प्रलोभन दिया जा रहा है। हमने सभी प्रत्याशियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने के लिए कहा है।
बता दें कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के 96 विधायक हैं। इनमें से बड़वाह से विधायक सचिन बिरला भाजपा में शामिल होने की घोषणा कर चुके हैं। इसके मद्देनजर माना जा रहा है कि उनका मत भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को मिल सकता है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि सभी विधायक एकजुट हैं और यशवंत सिन्हा के पक्ष में मतदान करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने यशवंत सिन्हा के सम्मान में भोज भी दिया है, जिसमें सभी विधायक मौजूद रहेंगे।

