Bharat Jodo Yatra: आगर मालवा से मोहित व्यास। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार को मध्य प्रदेश में नौंवा दिन है। यात्रा उज्जैन के पास के गांव जहारना से सुबह शुरू हो चुकी है। भारत जोड़ो यात्रा आज आगर जिले में प्रवेश करेगी। गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा उज्जैन में एक दिन के विश्राम के बाद फिर से शुरू हुई थी। यात्रा के प्रवेश स्थल आगर सीमा सातमोरी पर स्वागत की तैयारी चल रही है। यहां कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता यात्रा के आगमन का इंतजार कर रहे हैं।
उज्जैन जिले के ग्राम झलारा सोयाबीन प्लांट से यात्रा प्रातः 06:10 बजे प्रारंभ हुई। यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, राऊ विधायक जीतू पटवारी, तराना विधायक महेश परमार, घट्टिया विधायक रामलाल मालवीय आदि भी मौजूद हैं।
सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई विवाद की स्थिति, वीडियो वायरल
भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी की सुरक्षा में तैनात कर्मियों के बीच टी-ब्रेक के दौरान विवाद की स्थिति भी बनी। हालांकि इस स्थिति को वहां मौजूद अन्य कर्मियों ने जल्द सुधार लिया।
राहुल गांधी ने की लोगों से बात
भारत जोड़ो यात्रा करीब साढ़े नौ बजे लाल माता मंदिर तनोडिया जोड़ के पास पहुंची। यहां पर राहुल गांधी ने यात्रा रोककर सड़क के कृषि उपज मंडी के आस-पास खड़े लोगों से बातचीत की। यहां पर यात्रा कुछ देर रुकी रही।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की धर्मपत्नी अमृता राय भी मौजूद
भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ आज आगर मालवा जिले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता सिंह भी राहुल गांधी के साथ दिखाई दी। इस दौरान अमृता सिंह और राहुल गांधी के बीच चर्चा भी हुई।