सड़क दुर्घटना में घायल लैब सहायिका ने अस्पताल में तोड़ा दम, एक हफ्ते बाद भी टक्कर मारने वाले वाहन को नहीं खोज पाई पुलिस
मकड़ाई समाचार भोपाल। गोविंदपुरा में सड़क पर सैर करने निकली महिला को 25 दिसंबर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां छह दिन बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस एक हफ्ते बाद भी टक्कर मारने वाले वाहन का सुराग नहीं तलाश पाई है। इधर, सूखीसेवनिया में भी एक अज्ञात व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है।
गोविंदपुरा पुलिस के अनुसार अवधपुरी निवासी 25 वर्षीय प्रतिभा वर्मा माइक्रोबायलाजी लैब में सहायिका थीं। वह 25 दिसंबर को सैर पर निकली थीं। वह अवधपुरी से पैदल-पैदल कालीबाड़ी मंदिर के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला था। उनके साथियों ने प्रतिभा को अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
16 दिन बाद तोड़ा दम
सूखी सेवनिया इलाके में सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक गत 14 दिसंबर को बालमपुर घाटी के पास घायल अवस्था में मिले एक व्यक्ति को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया था। गुरुवार को उसने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है।