मकड़ाई समाचार हरदा। त्रिस्तरीय पंचायत व नगरीय निकाय चुनावों की आचार संहिता लागू होने के चलते शहर के आदतन अपराधियों के धरपकड़ हेतु विशेष अभियान की शुरूआत की गई है। ताकि चुनाव के दौरान पूरे जिले की व्यवस्था सामान्य व सुचारु रूप से चल सके। चुनाव के दौरान पुलिस को मिले निर्देशों के चलते पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रवैया अपना लिया है। यही कारण है, हरदा के सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो अलग मामलों में दो बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रहटा रेलवे ब्रिज के पास एक व्यक्ति के छुरा लेकर घूमने की सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली थी। जिसके बाद पुलिस जब रेलवे ब्रिज के पास पहुंची तो पुलिस को देख कर युवक मौके से भागने लगा। जिसके बाद पुलिस ने उसे वहां से कुछ दूर पर घेराबंदी कर हिरासत में लिया है।
पुलिस ने शहर के अंदर पूरा मोहल्ले में रहने वाले जुनेद सैयद पिता मकसूद उम्र 26 साल को छुरे के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं एक दूसरे मामले में पुलिस ने शहर के खेड़ीपुरा नाके के पास बनी पानी की टंकी के पास हाथ में तलवार लेकर घूमने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर जाकर आरोपी आदिल हुसैन पिता अशफाक हुसैन निवासी मदीना कॉलोनी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ 25 रन एक के तहत कार्रवाई की है।

