मकड़ाई समाचार हरदा। गुरुवार को गालव पूर्व त्यागी ब्राह्मण समाज के गोलापुरा स्थित गोसाई मंदिर में स्थापना दिवस और महर्षि गालव जयंती मनाई गई। इस मौके पर बुधवार को मंदिर में 24 घंटे की अखंड श्रीराम चरित्र मानस पाठ का आयोजन किया गया था। इसका समापन हवन कुंड में आहुतियां छोड़कर किया।
नवनिर्मित मंदिर में विराजित भगवान की प्रतिमाओं का आकर्षक शृंगार किया गया। बुधवार रात को मंदिर में विद्युत साज कर सैकड़ों दीप प्रज्जवित किए गए। गुरुवार सुबह से ही महर्षि गालव की विशेष पूजा अर्चना कर हवन में आहुतियां छोड़ी गई। इसके बाद महाआरती कर प्रसाद बांटा गया। दोपहर में विष्णु सहस्त्रनाम पाठ पंडित करेंगे। युवा संगठन की ओर से प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता आदि विषय से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। शाम को युवाओं की ओर से 1111 हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। इसके बाद सामाजिक भंडारा और भजन कीर्तन का आयोजन होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज जन मौजूद रहे।
शहर के जत्रापडाव क्षेत्र में स्थिति प्राचीन गंगा मंदिर में गंगा दशहरे के अवसर मंदिर में सुबह से अभिषेक पूजन और हवन का आयोजन किया गया। पंडित मनीष चौरे ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को हस्त नक्षत्र में मां गंगा पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। इस दिन को गंगा दशहरा के रूप में मनाया जाता है। इस दिन गंगा में स्नान और दान करने से प्राणी के सब दुख दूर हो जाते हैं। गंगा दशहरा तन के साथ-साथ मन की शुद्धि का पर्व भी है, इसलिए इस दिन गंगा जी में खड़े होकर गलतियों के लिए क्षमा मांगनी चाहिए और भविष्य में कोई भी बुरा कार्य नहीं करने का संकल्प लेना चाहिए।

