मकड़ाई समाचार हरदा। आगामी 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उज्जैन में महाकाल मंदिर के विस्तार से संबंधित कार्यों का लोकार्पण करेंगे। कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग ने जिले के अधिकारियों से कहा है कि धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा जारी निर्देश अनुसार मंदिर प्रबंधन समितियों एवं पुजारियों के सहयोग से जिले के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक मंदिरों की साफ सफाई की जाये।
कलेक्टर श्री गर्ग ने जिले के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 8 से 10 अक्टूबर के मध्य जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में भजन मण्डली एवं ग्रामवासियों द्वारा प्रभातफेरी एवं लोकार्पण कार्यक्रम का प्रचार प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होने निर्देशित किया है कि 11 अक्टूबर को जिले में स्थित मुख्य शिव मंदिर, गुप्तेश्वर मंदिर चारूवा तहसील खिरकिया, गुप्तेश्वर मंदिर हरदा एवं शिव करूणाधाम मंदिर हंडिया में संतों का सम्मान एवं मुख्य समारोह का आयोजन किया जाए। साथ ही 11 अक्टूबर को जिले के नगरीय क्षेत्र एवं ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित विभिन्न मंदिरों की सफाई, रौशनी, दीपमालिका, वंदनवार, रंगोली व भजन कीर्तन का आयोजन करें एवं इसके पश्चात प्रधानमंत्री श्री मोदी के उद्बोधन के प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

