कृषि मंत्री, वित्त मंत्री व शिक्षा मंत्री ने हितग्राहियों को सहायता वितरित की
मकड़ाई समाचार हरदा। प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, कृषि मंत्री कमल पटेल व स्कूल शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने गुरूवार को खिरकिया विकासखण्ड की बड़वानी पंचायत के ग्राम भागपुरा में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राहियों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत सौगातें वितरित की। इस दौरान मंत्रीगण ने बालिका माही कलम व सिया कलम को लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत प्रमाण-पत्र प्रदान किये। उन्होने गांव की कुछ महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन के कागजात गैस चूल्हा, रेगुलेटर व सिलेण्डर प्रदान किये। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा कन्या पूजन कर किया गया।
समाज के सबसे पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिये सरकार कर रही है, विशेष प्रयास-वित्त मंत्री श्री देवड़ा वित्त मंत्री श्री देवड़ा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले के सभी गरीब परिवारों को उनकी पात्रता के आधार पर सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, आदिवासियों, किसानों, महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गो की भलाई के लिये कृत संकल्पित है और गरीबों के जीवन स्तर में सुधार के लिये सरकार ने नई-नई योजनाएं प्रारम्भ की है। इस दौरान मांधाता क्षेत्र के विधायक नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गहलोद, कलेक्टर ऋषि गर्ग, पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल व जिला भाजपा अध्यक्ष अमरसिंह मीणा सहित विभिन्न अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
31 अक्टूबर तक सभी लोगों को उनकी पात्रता अनुसार योजनाओं से लाभान्वित करें-कृषि मंत्री पटेल कृषि मंत्री श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में पेयजल संकट, विद्युत अव्यवस्था तथा खराब सड़कों जैसी समस्याएं थी। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के कार्यकाल में गत 15 वर्षों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ है। घर-घर नल का जल पहुँचाने के लिये जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाएं संचालित है। सड़कों की गुणवत्ता में भी गत वर्षों में काफी सुधार आया है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने उज्जवला योजना, फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं प्रारम्भ की है, जिनसे देश के नागरिकों की बहुत सी समस्याएं हल हो गई है।
कृषि मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हरदा जिले में प्रारम्भ किये गये ‘‘आपकी समस्या का हल आपके घर’’ अभियान से जिले के हजारों ग्रामीणों को घर बैठे सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने लगा है, इसी तर्ज पर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान प्रारम्भ किया है, जिसके तहत अधिकारी कर्मचारियों के दल घर-घर जाकर सर्वे कर रहे है तथा सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिये हितग्राही चिन्हित कर रहे है और उन्हें योजनाओं का लाभ दिला रहे है। उन्होने कार्यक्रम में उपस्थित एक गरीब आदिवासी कमल सिंह को जाति प्रमाण-पत्र तत्काल दिलाने तथा कमल सिंह व उसकी पत्नि की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिये। उन्होने कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग से कहा कि आगामी 31 अक्टूबर तक जिले के अधिकारी कर्मचारियों के माध्यम से सर्वे कराकर प्रत्येक व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार योजनाओं से लाभान्वित कराया जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश बन रहा है नम्बर वन राज्य-स्कूल शिक्षा मंत्री श्री परमार स्कूल शिक्षा मंत्री श्री परमार ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीबों की भलाई के लिये दिन रात कार्य कर रही है। गरीबों के लिये बहुत सी जनकल्याणकारी योजनाएं प्रारम्भ की गई है। संबल योजना के तहत मजदूरों के बच्चों की शादी व पढ़ाई के लिये मदद दी जा रही है। मजदूर के निःशुल्क उपचार, सस्ती दर पर खाद्यान्न तथा मजदूरों की मृत्यू पर उनके परिवार को 4 लाख रूपये तक की आर्थिक सहायता की व्यवस्था संबल योजना के तहत की गई है। उन्होने कहा कि हमारा प्रदेश खेती के क्षेत्र में भी नम्बर वन है और स्वच्छता के क्षेत्र में भी नम्बर वन है। उन्होने कहा कि कायाकल्प अभियान के तहत अस्पतालों की व्यवस्थाओं में बहुत सुधार हुआ है। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री परमार ने कहा कि आयुष्मान कार्ड तैयार करने के मामले में हरदा जिले ने सराहनीय उपलब्धि हासिल की है।

