ग्वालियर। शहर में अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी आना कम हो गई है। इसके चलते आसमान में छाए बादल अब छंटने लगे हैं। तेज धूप निकलने से तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग में बंगाल की खाड़ी में मोका चक्रवातीय तूफान के आने की संभावना जताई है। इसके चलते अगले 72 घंटे में मौसम में तेजी से बदलाव होगा। यह तूफान हवा की नमी खींचेगा, जिसके चलते हवा में गर्माहट होगी और तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी।
अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी आना कम हो गई है। इस कारण शनिवार को आसमान साफ हो गया है। सुबह से ही तेज धूप निकली, जिससे शहर में गर्मी बढ़ गई। जम्मू कश्मीर में वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और राजस्थान में चक्रवातीय घेरा बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ ने पश्चिमी हवा को रोक लिया है। राजस्थान व तमिलनाडु के पास चक्रवातीय घेरा बनने के साथ ही एक ट्रफ लाइन भी गुजर रही है, जिससे हल्की नमी आ रही है। इस नमी के कारण हल्के बादल छाने की संभावना है। आगामी आठ व नौ मई के बीच मोका तूफान सक्रिय हो सकता है। इसके सक्रिय होने से सभी सिस्टम खत्म हो जाएंगे। यह हवा की नमी को खींच लेगा। इसके साथ ही हवा का रुख भी बदल जाएगा। संभावना जताई जा रही है रविवार को गर्मी से थोड़ी राहत रहेगी, लेकिन सोमवार से शहर में गर्मी की दस्तक हो सकती है। हालांकि रविवार को भी अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार जताए हैं। इसके बाद इस पूरे हफ्ते भीषण गर्मी रहने वाली है। अभी तक राजस्थान की गर्म हवा स्थिर नहीं हो सकी थी, लेकिन इस हफ्ते हवा स्थिर रह सकती है। इसके चलते गर्मी बढ़ेगी।