मकड़ाई समाचार हरदा। भारतीय प्रबन्धन संस्थान इन्दौर के 54 विद्यार्थियों का एक दल सोमवार को हरदा पहुँचा और जिला पंचायत के सभाकक्ष में ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी ली। कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा प्रभारी सीईओ जिला पंचायत श्रीमती प्रियंका मेहरा ने बताया कि इस दल में शामिल विद्यार्थी टिमरनी विकासखण्ड के ग्राम बड़झिरी, गागराढाना व टेमागांव में निवास कर ग्रामीण विकास योजनाओं की वस्तु स्थिति की जानकारी लेंगे। इसके अलावा ये विद्यार्थी हरदा विकासखण्ड के ग्राम मगरधा, खेड़ीनीमा व हीरापुर तथा खिरकिया विकासखण्ड के छुरीखाल, कुकड़ापानी व रामटेक रैयत में भी रूक कर ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति देखेंगे। ये विद्यार्थी प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत सरोवर व आजीविकास मिशन तथा ग्रामीण स्वसहायता समूहों से संबंधित कार्य देखेंगे। विद्यार्थियों के इस दल के प्रभारी भारतीय प्रबन्धन संस्थान इन्दौर के सत्येन्द्र रावत हैं।
ब्रेकिंग
