Harda News: सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाएं देखें, कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में दिये निर्देश
हरदा : आगामी 7 मई को लोकसभा निर्वाचन के लिये मतदान होगा तथा 6 मई को मतदान दल पॉलिटेक्निक कॉलेज से रवाना होंगे। सभी सेक्टर अधिकारी 6 मई सुबह से 7 मई को मतदान समाप्ति तक अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों के पीठासीन अधिकारियों के सतत सम्पर्क में रहें और मतदान के दौरान लगातार भ्रमण कर मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रखें। सेक्टर के किसी भी मतदान केन्द्र से कोई भी समस्या की सूचना मिलने पर सेक्टर अधिकारी तुरन्त संबंधित मतदान केन्द्र पहुँच कर समस्या का निराकरण करायें। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आदित्य सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सेक्टर अधिकारियों की बैठक में दिये। उन्होने सभी सेक्टर अधिकारियों से कहा कि ईवीएम और वीवीपेट संचालन का अच्छी तरह प्रशिक्षण ले लें ताकि जरूरत पड़ने पर पीठासीन अधिकारी का मार्गदर्शन कर सकें। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव चौकसे, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा सहित हरदा व खिरकिया के एसडीएम भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में सेक्टर अधिकारियों से कहा कि ईवीएम परिवहन करने वाले वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगा रहेगा अतः सेक्टर अधिकारी व उनके क्षेत्र के मतदान दल अपने वाहन को अन्य कहीं न रोकें बल्कि पॉलिटेक्निक कॉलेज से सामग्री लेकर सीधे मतदान केन्द्र ही पहुँचे और मतदान के तुरन्त बाद पॉलिटेक्निक कॉलेज में सामग्री जमा कराने के स्थल पर आयें। उन्होने निर्देश दिये कि मतदान के दिन सेक्टर अधिकारी सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र के मतदान केन्द्रों में मतदान से पूर्व मॉकपोल निर्धारित समय सीमा में हो जाए। उन्होने कहा कि सेक्टर में कानून व्यवस्था बनाये रखने और मतदान प्रतिशत व अन्य तरह की जानकारी जिला स्तर पर भेजने का दायित्व सेक्टर अधिकारी का है अतः इन दायित्वों का भी निर्वहन करते रहें।
