हंडिया।गंगा दशमी के पावन पर्व पर आज पुण्य सलिला मां नर्मदा में हर हर गंगे के उद्घोष के बीच हंडिया नेमावर के श्री रिद्धनाथ और सिद्धनाथ घाट पेडी घाट सड़क घाट नागर घाट सहित मां नर्मदा के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर गंगा के स्नान का पुण्य फल प्राप्त किया।
पंडित ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि शास्त्रों में वर्णित है कि गंगा दशमी के दिन मां गंगा अपनी बड़ी बहन मां नर्मदा से मिलने आती है।ऐसे में इस दिन नर्मदा स्नान करने से श्रद्धालुओं को गंगा एवं नर्मदा दोनों के स्नान का फल प्राप्त होता है।जिसके चलते आज हजारों की संख्या में श्रद्धालु नर्मदा घाटो पर उमड़े। ऐसे में पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग के कोई भी जवाबदार अधिकारी कर्मचारी दिखाई नहीं पड़े।वही घाटों पर अव्यवस्था का आलम दिखाई पड़ा।जिसके चलते श्रद्धालुओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

