पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद और लालू परिवार से निष्कासित किए गए तेज प्रताप यादव के सियासी भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थी। शनिवार को ये अटकलें हकीकत बन गई। तेज प्रताप यादव ने वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। तेज प्रताप यादव ने इसके लिए एक टीम भी बनाई है। टीम तेज प्रताप के नाम से बनी यह टीम महुआ विधानसभा में उनके प्रचार-प्रसार से लेकर चुनावी रणनीति का पूरा कामकाज देखेगी। शनिवार को तेज प्रताप ने यह घोषणा की है।
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव ने पहले भी कहा था कि अगर राजद उन्हें टिकट नहीं देती है, तो वह महुआ से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। तेज प्रताप ने स्पष्ट कहा था, ‘हम महुआ के लिए काम किए हैं, तो चुनाव भी महुआ से ही लड़ेंगे। तेज प्रताप ने महुआ को लेकर अपने भावनात्मक लगाव का जिक्र करते हुए कहा, ‘महुआ को हम जिला बनाएंगे, यह हमारी कर्मभूमि है। वहां की जनता कह रही है कि अगर अगर राजद ने किसी और को टिकट दिया, तो हम उसे हरवा देंगे।

