भोपाल। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां ग्लोबल पार्क सिटी में रहने वाली 7वीं कक्षा की छात्रा आराध्या सिंह (13) ने माँ की मामूली फटकार से आहत होकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। हैरानी वाली बात यह रही कि आराध्या ने सुसाइड नोट में मां-पिता के नाम लिखते हुए देहदान की इच्छा जताई और छोटे भाई को अपना कंप्यूटर, टेबल और किताबें देने की बात कही। घटना के समय मां- पिता उसके छोटे भाईयों को स्कूल छोड़ने गए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मूलरूप से सतना निवासी परिणय सिंह (40) कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। परिवार में पत्नी लक्ष्मी, 15 वर्षीय बेटा वैध, बेटी आराध्या और पांच साल का छोटा बेटा भी है। आराध्या माउंट कार्मेल स्कूल में 7 वीं कक्षा में पढ़ती थी। सोमवार सुबह उसकी मां ने स्कूल बैग चेक किया तो सिविक्स की कॉपी नहीं मिली। कॉपी पूरी न होने पर मां ने उसे फटकार लगा दी थी। बाद में उसे घर पर छोड़कर माँ बड़े बेटे को और पिता परिणय सिंह छोटे बेटे को स्कूल छोड़ने चले गए। जब मां-पिता करीब 9 बजे वापस लौटे तो आराध्या स्कूल बेल्ट और कपड़े के सहारे फंदे पर लटकी हुई मिली। घबराए परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीएम के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया गया, परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए शव को लेकर सतना रवाना हो गए है। घटनास्थल की छानबीन के दौरान पुलिस को मौके से मिला सुसाइड नोट बेहद भावुक कर देने वाला है। उसमें लिखा है, मेरा कंप्यूटर, टेबल और कमरा छोटे भाई को दे देना। मेरा शरीर किसी जरूरतमंद को देहदान कर देना। आपकी प्यारी बेटी। फिलहाल पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।
ब्रेकिंग
