झाबुआ। जिलेभर में पेटलावद नगर परिषद विशेष उपलब्धि की ओर अग्रसर दिखाई दे रही है, जिसके कारण परिषद से लेकर अन्य लोगोें में भी इस उपलब्धि को लेकर खुशी की झलक दिखाई दे रही है। पेटलावद नगर परिषद पीएम आवास योजना में शत-प्रतिशत लक्ष्य से सिर्फ दो कदम दूर है। शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने के लिए परिषद ने कमर कस ली है।
पेटलावद नगर परिषद अधिकारी आशा भंडारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगर परिषद पेटलावद ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। शासन द्वारा स्वीकृत 419 आवासों में से 417 का निर्माण पूरा हो चुका है। अब केवल दो आवासों का काम शेष है। इस तरह परिषद ने 99.28 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। भंडारी स्वयं हितग्राहियों के पास पहुंचीं और अधूरे निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की समझाइश दी। इस अवसर पर उन्होंने पौधरोपण कर एक पेड़ मां के नाम अभियान की भी शुरुआत की। इस अवसर पर परिषद के कर्मचारी, हितग्राही और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर आवास योजना की सफलता और पौधरोपण अभियान का हिस्सा बने।
प्रधानमंत्री आवास मेला 25 से-संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल से मिले निर्देशों के अनुसार ‘अंगीकार-2025 अभियान’ अंतर्गत 17 सितम्बर को ‘प्रधानमंत्री आवास दिवस-शहरी’ और 25 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक ‘प्रधानमंत्री आवास मेला-शहरी’ आयोजित किया जाएगा। साथ ही निकायों को हेल्प डेस्क बनाने और पौधरोपण करने के निर्देश दिए गए हैं।

