शिवपुर रोड : निर्माण कार्य बना नागरिकों के लिए खतरा, सुरक्षा इंतजामों के अभाव में हादसे का मंडरा रहा खतरा
केके यदुवंशी
सिवनी मालवा।शिवपुर रोड पर चल रहा निर्माण कार्य नागरिकों के लिए गंभीर खतरे का कारण बनता जा रहा है। उदय बिहार कॉलोनी के सामने से गुजरने वाले मार्ग पर नागरिकों को संकरी जगह से होकर आना-जाना पड़ रहा है, वहीं पास में खुला नाला दुर्घटना की आशंका को और बढ़ा रहा है। हैरानी की बात यह है कि निर्माण स्थल पर न तो कोई बैरिकेडिंग की गई है और न ही सुरक्षा के संकेत लगाए गए हैं। मौके पर राज्यसभा सांसद माया नारोलिया पहुंची जहां उन्होंने गंभीर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल एस डी एम सरोज परिहार को फोन करके व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए ।
वहीं जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मृगेंद्र सिंह मंडलोई, अरविंद सोहरोत ने भी अधिकारियों से बात कर जल्दी सुधार कार्य का कहा ।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस स्थान पर नाला है, वहां कम से कम एक दीवार उठाकर सुरक्षा चिह्न बनाए जाने चाहिए थे ताकि आने-जाने वाले सुरक्षित रह सकें। नवरात्रि के दौरान माता-बहनों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल और वाहनों से प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं। कई बार वाहनों के फंसने की स्थिति बन जाती है और पैदल चलने वालों को कीचड़ में पैर धँसाकर गुजरना पड़ता है।
समस्या यहीं खत्म नहीं होती।
मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था भी नहीं है, जिससे देर रात अंधेरे में लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। नागरिकों ने कई बार अपनी पीड़ा व्यक्त की है, लेकिन न तो जनप्रतिनिधि और न ही जिम्मेदार अधिकारी इस दिशा में ध्यान दे रहे हैं।
शनिवार को कई नागरिकों ने फोन कर अपनी परेशानियां साझा कीं। जब मौके पर स्थिति देखी गई तो हालात वाकई गंभीर पाए गए। किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका से लोग चिंतित हैं।
नागरिकों ने संबंधित विभाग और अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस मामले को प्राथमिकता से संज्ञान में लेकर बैरिकेडिंग, सुरक्षा संकेत और प्रकाश व्यवस्था की व्यवस्था की जाए।

